फतेहगढ़। पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ के निर्देशन में साइबर थाना फतेहगढ़ द्वारा जनपद के सभी थानों पर स्थापित साइबर हेल्प डेस्कों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मियों के लिए एक दिवसीय साइबर कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम, त्वरित कार्रवाई, पीड़ितों को त्वरित सहायता प्रदान करने तथा विभिन्न साइबर पोर्टलों के प्रभावी उपयोग से संबंधित व्यापक जानकारी उपलब्ध कराना रहा।कार्यशाला के दौरान साइबर थाना टीम ने प्रतिभागियों को साइबर अपराधों के नवीनतम तरीकों, ऑनलाइन फ्रॉड के नए पैटर्न, डिजिटल साक्ष्यों के सुरक्षित संरक्षण, साइबर हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली तथा प्रारम्भिक जाँच प्रक्रिया के महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया। साथ ही यह भी बताया गया कि किस प्रकार साइबर हेल्प डेस्क पर तैनात अधिकारी प्रारंभिक स्तर पर पीड़ित की सहायता करते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कर सकते हैं।साइबर विशेषज्ञों ने बताया कि तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराध के तरीके भी लगातार बदल रहे हैं, ऐसे में पुलिस कर्मियों को अपडेट रहना बेहद आवश्यक है। कार्यशाला में मौजूद सभी अधिकारियों और कर्मियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए इसे फील्ड में लागू करने का संकल्प लिया।पुलिस अधीक्षक ने उम्मीद जताई कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और आम जनता को सुरक्षित डिजिटल वातावरण प्रदान करने में सहायक सिद्ध होंगे।
