
राजेपुर ब्लॉक के ग्राम सरह में तटबंध बनाओ जन संघर्ष समिति की बड़ी बैठक, विधायक सहित क्षेत्रीय नेताओं ने दिया आंदोलन को समर्थन
राजेपुर ब्लॉक के ग्राम सरह में आज तटबंध बनाओ जन संघर्ष समिति की महत्वपूर्ण बैठक बड़े पैमाने पर आयोजित की गई। इस बैठक में क्षेत्र भर के लोगों ने भारी संख्या में पहुंचकर न सिर्फ अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, बल्कि तटबंध निर्माण की मांग को लेकर चल रहे अभियान को पूरा समर्थन देने का संकल्प भी लिया। लगातार आवाज उठाने और अभियान के तेजी पकड़ने के बीच अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य स्वयं बैठक में पहुंचे और खुलकर आंदोलन का साथ देने की घोषणा की।
विधायक सुशील शाक्य ने कहा कि तटबंध बनवाना सिर्फ जनता का मुद्दा नहीं, बल्कि उनके लिए भी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, “मैं स्थानीय विधायक हूं, इसलिए आपकी समस्या मेरी भी समस्या है। हर हाल में तटबंध बनेगा। मैं इस दिशा में पूरी ताकत लगा दूंगा। शासन-प्रशासन को जनता की ताकत के आगे तटबंध बनवाना ही पड़ेगा।” उन्होंने जन संघर्ष समिति को भी धन्यवाद दिया और कहा कि जनता की जागरूकता और एकता ही इस लड़ाई की सबसे बड़ी शक्ति है।
जन संघर्ष समिति के अध्यक्ष भइयन मिश्रा ने बताया कि लोगों की भारी उपस्थिति इस मुहिम की सफलता का संकेत है। उन्होंने साफ कहा कि जब तक तटबंध निर्माण की शुरुआत नहीं हो जाती, आंदोलन लगातार जारी रहेगा और इसे दिन-ब-दिन और तेज किया जाएगा।
समाजसेवी स्वर्ण सिंह ने बताया कि उन्होंने इस क्षेत्र में वर्षों बिताए हैं और बार-बार आने वाली बाढ़ का दर्द करीब से देखा है। उनके अनुसार, पूरे क्षेत्र को सुरक्षित भविष्य देने के लिए तटबंध का निर्माण बेहद जरूरी है।
राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष कोमल पांडे ने कहा कि संयुक्त संघर्ष से ही तटबंध बनेगा और यह लड़ाई अंतिम परिणाम मिलने तक जारी रहेगी।
हाईकोर्ट के अधिवक्ता राजीव प्रताप सिंह उर्फ टिल्लू भैया ने कहा कि हर वर्ष बाढ़ से होने वाली तबाही ने क्षेत्र के हर नागरिक को प्रभावित किया है। खेत, घर, मवेशी सभी खतरे में रहते हैं। उन्होंने कहा कि अब लोग संकल्प ले चुके हैं—चाहे कुछ भी हो जाए, तटबंध बनावाए बिना चैन नहीं मिलेगा।
खुटिया के पूर्व प्रधान अखिलेश तिवारी उर्फ बाबूजी ने कहा कि जनता की एकजुटता ने ही विधायक को जनता के मंच पर लाकर खड़ा किया है, जो इस लड़ाई की ताकत को दर्शाता है।
कोटेदार अनिल तिवारी ने कहा कि यह आंदोलन जनता की पीड़ा का प्रतीक है और पूरा विश्वास है कि तटबंध जल्द बनेगा।
पूर्व मंडल अध्यक्ष भाजपा स्वदेश त्रिवेदी ने भी आंदोलन में सभी की भागीदारी सुनिश्चित होने की बात कही।
अखिलेश सिंह तोमर, विनोद सिंह चौहान सहित कई वक्ताओं ने कहा कि तटबंध बनने तक यह संघर्ष निरंतर जारी रहेगा और एकजुटता ही इस मिशन को सफल बनाएगी।
बैठक में राजीव वर्मा, विष्णु मिश्रा, श्यामू शुक्ला, शिव स्वरूप त्रिवेदी, लाल यादव, विकास अग्निहोत्री, नन्हे अग्निहोत्री, अमित मिश्रा, लाल राजपूत, राम बिहारी वाजपेई, विपिन तिवारी, अनूप मिश्रा, शरद अग्निहोत्री, प्रताप भान सिंह, करण शुक्ला सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। भारी जनसमर्थन के साथ तटबंध बनाओ आंदोलन अब पूरे क्षेत्र में तेजी से गति पकड़ चुका है।
