मोहम्मदाबाद: न्यायालय के आदेश पर 6 के खिलाफ हत्या का केस, जमीन विवाद में पति की मौत, BNS 103(1) के तहत मामला दर्ज

न्यायालय के आदेश पर थाना मोहम्मदबाद के क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या के आरोप में छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह मामला जमीन विवाद से जुड़ा है।

जानकारी के अनुसार, मैनपुरी के भोगांव थाना क्षेत्र के मेरापुर छदमी निवासी अलका देवी की शादी फर्रुखाबाद के मोहम्मदबाद थाना क्षेत्र के ऊगरपुर निवासी हेमराज सिंह से हुई थी। लगभग 4-5 साल पहले हेमराज सिंह ने अपने पिता की जमीन बेचकर ऊगरपुर में करीब 2 बीघा जमीन अलका देवी के नाम खरीदी थी।

इस जमीन खरीद के कारण अलका देवी के ससुराल वाले उनसे और उनके पति से रंजिश रखने लगे। आरोप है कि उन्हें कई बार धमकी दी गई कि वे अपनी जमीन बेचकर उनके नाम कर दें, अन्यथा उन्हें जान से मार दिया जाएगा।

अलका देवी 25 फरवरी 2025 को अपने भाई की शादी के कारण मायके आई हुई थीं। उनके पति हेमराज सिंह 21 फरवरी 2025 को शादी में शामिल होने के लिए उनके मायके आए और 22 फरवरी 2025 को अपने घर ऊगरपुर लौट गए। उसी रात 22 फरवरी 2025 को हेमराज सिंह को उनके ससुरालियों ने कथित तौर पर मारकर फांसी पर लटका दिया।

अलका देवी के अनुसार, इस षड्यंत्र में प्रमोद पुत्र पप्पू, विक्की पुत्र पप्पू (निवासी ऊगरपुर, मोहम्मदबाद), शिवराज पुत्र बाबूराम (निवासी दिल्ली), जुगाड़ी पुत्र वीरेंद्र (निवासी दिल्ली) और अंकित पुत्र टेलर (निवासी लड़ेते, छिबरामऊ, कन्नौज) शामिल थे। आरोप है कि इन सभी ने मिलकर जमीन के लिए हेमराज सिंह की हत्या की।

हेमराज सिंह की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनके शरीर पर चोटों के निशान पाए गए, जो हत्या के षड्यंत्र की पुष्टि करते हैं।

अलका देवी ने कई बार मोहम्मदबाद कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। उन्हें बार-बार आश्वासन दिया गया कि उनका मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। इसके बाद उन्होंने विवश होकर पुलिस अधीक्षक को रजिस्टर्ड डाक से प्रार्थना पत्र भेजा, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंततः, अलका देवी ने माननीय न्यायालय की शरण ली।

न्यायालय के आदेश पर कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की निष्पक्ष जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!