
फर्रुखाबाद। आज दिनांक 14 दिसंबर को पांचाल घाट स्थित स्वर्गधाम पर स्वर्गधाम सेवादल की एक आवश्यक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य स्वर्गधाम पर लंबे समय से चली आ रही अव्यवस्थाओं और अवैध वसूली की समस्या को जड़ से समाप्त करना रहा। बैठक में इस गंभीर मुद्दे को लेकर कई अहम और जनहित से जुड़े निर्णय लिए गए।बताया गया कि स्वर्गधाम पर पहले सक्रिय रहे अवैध वसूली करने वाले गैंग को समाप्त किए जाने के बावजूद, उसी गैंग ने दीनदयाल बाग में अवैध रूप से एक कार्यालय खोल लिया था। वहां मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने के नाम पर अंतिम संस्कार के लिए आने वाले शोकाकुल परिजनों को बरगलाकर हजारों रुपये की अवैध वसूली फिर से शुरू कर दी गई थी। इसको लेकर स्वर्गधाम सेवादल को लगातार शिकायतें मिल रही थीं।सेवादल द्वारा कई बार पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन को इस अवैध वसूली की जानकारी दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई न होने के कारण अंततः सेवादल ने स्वयं कड़ा निर्णय लेने का फैसला किया। बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि अब स्वर्गधाम पर अंतिम संस्कार करने वाले परिजनों को दाह संस्कार प्रमाण पत्र पूरी तरह निशुल्क, घाट पर ही उपलब्ध कराया जाएगा। इसकी औपचारिक शुरुआत आज से ही कर दी गई।फर्रुखाबाद विकास मंच के जिला अध्यक्ष भईयन मिश्रा ने कहा कि विपत्ति की घड़ी में शोकाकुल परिवारों से वसूली करना अमानवीय और गलत है। पहले भी इस पर रोक लगाई गई थी, लेकिन कफन खसोट गैंग ने लोगों को गुमराह कर अवैध कार्यालय के माध्यम से फिर से वसूली शुरू कर दी थी। अब स्वर्गधाम सेवादल का स्पष्ट निर्णय है कि किसी भी हाल में अवैध वसूली नहीं होने दी जाएगी।सेवादल को उत्तरी तट से भी लगातार अवैध वसूली की शिकायतें मिल रही थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए आज पूरी टीम उत्तरी तट पर पहुंची और वसूली करने वालों को सख्त चेतावनी दी गई। स्पष्ट कहा गया कि जो शुल्क तय है, उसके अलावा एक भी पैसा लिया गया तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जल्द ही घाट पर लोगों के बैठने के लिए छाया की व्यवस्था, पीने के पानी के लिए हैंडपंप लगाए जाएंगे और पूरे घाट की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाएगी। किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष कोमल पांडे ने कहा कि स्वर्गधाम पर किसी भी तरह की अराजकता या गंदगी बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने कहा कि बजरंग दल की टीम लगातार निगरानी करेगी और व्यवस्था बनाए रखने में पूरा सहयोग देगी।बैठक की अध्यक्षता करते हुए सत्यपाल सिंह ने कहा कि स्वर्गधाम सेवादल का दायित्व व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाना है। यदि कोई व्यक्ति अवैध वसूली या अराजकता फैलाने का प्रयास करेगा, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।बैठक में प्रमुख रूप से रामदास गुप्ता, अनिल द्विवेदी, श्यामेंद्र दुबे, अनंतराम, कन्हैया दास, सौरभ पांडे, पंकज राठौर, विनय दीक्षित, सुनील शुक्ला, नीरज दुबे, कुलदीप दीक्षित, अजय मिश्रा, प्रेमचंद वर्मा, राजीव वर्मा, शांतनु शाक्य, लवी सक्सेना, कुलदीप कठेरिया, पवन बाल्मिक, आदित्य वाल्मीकि सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
