
फर्रुखाबाद। स्वर्गीय ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में सांसदीय खेल प्रतियोगिता का धूमधाम से उद्घाटन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ सांसद मुकेश राजपूत, जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. आरती सिंह के सान्निध्य में हुआ। उद्घाटन के अवसर पर बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे सैकड़ों खिलाड़ियों ने मैदान में उतरकर अपने जोश और हुनर का प्रदर्शन किया। सांसद मुकेश राजपूत ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना से खेलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का मजबूत माध्यम हैं और ऐसे आयोजनों से प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।हालांकि भव्य उद्घाटन के बावजूद आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों को कुछ बुनियादी समस्याओं का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि खेल प्रतियोगिता के दौरान व्यवस्थाओं पर और अधिक ध्यान दिया जाना चाहिए था। खिलाड़ियों और दर्शकों ने प्रशासन से व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार की मांग की है।सांसदीय खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत कबड्डी, क्रिकेट सहित अन्य खेलों का आयोजन किया गया है, जिनमें विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
