मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के मुडगांव गांव में एक 29 वर्षीय महिला की बीती रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान अजय बाथम की पत्नी राधा देवी के रूप में हुई है।घटना का पता सुबह करीब 3 बजे तब चला, जब उनकी डेढ़ साल की बेटी बिट्टू के रोने की आवाज सुनकर पति अजय बाथम की नींद खुली। खोजबीन के दौरान राधा घर में नहीं मिलीं। बाहर आंगन में देखने पर उनका शव नीम के पेड़ के पास पाया गया।सूचना मिलते ही अजय बाथम ने डायल 112 और स्थानीय कोतवाली को जानकारी दी। मौके पर अपराध निरीक्षक यतेंद्र सिंह सोलंकी और उप निरीक्षक अनुज कुमार पहुंचे और आवश्यक जांच की। मृतका के तीन बच्चे हैं—7 वर्षीय अनन्या, 4 वर्षीय आदित्य और डेढ़ वर्षीय बिट्टू।परिजनों द्वारा मृतका के बड़े भाई के आने का इंतजार किए जाने के कारण प्रारंभिक कानूनी कार्यवाही में कुछ देर हुई। पुलिस के समझाने के बाद पंचनामा की कार्यवाही पूरी की गई। इसके बाद उप निरीक्षक अजय कुमार ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।बताया गया है कि मृतका के पति अजय बाथम मजदूरी और खेती का कार्य करते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।*यदि आप या आपके आसपास कोई मानसिक तनाव में है, तो भरोसेमंद व्यक्ति से बात करें और स्थानीय सहायता सेवाओं से संपर्क करें।*
