इमादपुर सोमवंशी में तटबंध बनाओ जन संघर्ष समिति की बैठक, बाजार बंद कर आंदोलन तेज करने का ऐलान

राजेपुर (फर्रुखाबाद)। गंगा किनारे तटबंध निर्माण की मांग को लेकर *तटबंध बनाओ जन संघर्ष समिति* की एक महत्वपूर्ण बैठक राजेपुर ब्लॉक के ग्राम इमादपुर सोमवंशी में आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लिया और गंगा जी के किनारों पर तटबंध बनवाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने का संकल्प लिया।बैठक में उपस्थित लोगों ने एक स्वर में घोषणा की कि शासन-प्रशासन द्वारा लगातार अनदेखी किए जाने के विरोध में शीघ्र ही पूरे क्षेत्र के समस्त बाजारों को बंद कराया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि वर्षों से बाढ़ की समस्या को लेकर आवाज उठाई जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।बैठक को संबोधित करते हुए *तटबंध जन संघर्ष समिति* के अध्यक्ष **भईयन मिश्रा** ने कहा कि तटबंध पूरे क्षेत्र के लिए जीवनरेखा साबित होगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि लाखों की आबादी बाढ़ से त्रस्त है और जनप्रतिनिधि चैन की बंसी बजाकर सोए हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक तटबंध नहीं बनेगा, आंदोलन जारी रहेगा।समाजसेवी एवं पूर्व प्रबंधक **स्वर्ण सिंह** ने कहा कि गंगा पार क्षेत्र के साथ लंबे समय से सौतेला व्यवहार किया जा रहा है, जिससे यह क्षेत्र विकास में काफी पीछे रह गया है। इसी उपेक्षा के चलते कभी-कभी क्षेत्र को अन्य जिलों में जोड़ने जैसी बातें भी उठती हैं।राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष **कोमल पांडे उर्फ अंगद** ने कहा कि उन्होंने बाढ़ पीड़ितों की पीड़ा को नजदीक से देखा है। हर साल उजड़ना और फिर बसना लोगों की नियति बन गई है, इससे मुक्ति का एकमात्र उपाय तटबंध है।प्रसिद्ध राम कथा प्रवक्ता **आचार्य अमरीश जी महाराज** ने कहा कि तटबंध बनने से क्षेत्र में खुशहाली आएगी, किसानों के खेतों में फसलें लहलहाएंगी और लोगों की समस्याएं कम होंगी। वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समाजसेवी **लक्ष्मण सिंह** ने कहा कि सिर्फ नेताओं के भरोसे बैठने से कुछ नहीं होगा, तटबंध बनवाने के लिए सड़कों पर उतरकर संघर्ष करना पड़ेगा।हाईकोर्ट अधिवक्ता **राजीव प्रताप सिंह उर्फ टिल्लू** ने कहा कि बाढ़ का हर वर्ष आना और व्यापक तबाही मचाना अब सामान्य हो गया है। क्षेत्र की जनता की एकजुटता ही इस समस्या का समाधान दिला सकती है। **रूक्मांगल सिंह यादव** ने कहा कि पूरा क्षेत्र एक साथ खड़ा है और तटबंध बनने तक संघर्ष जारी रहेगा।**कप्तान सिंह कुशवाहा** ने कहा कि विधायक को जनता के दुख-दर्द को समझते हुए शीघ्र तटबंध निर्माण कराना चाहिए, अन्यथा जनता भविष्य में सहयोग नहीं करेगी। **सुभाष अग्रवाल** ने आंदोलन को हर संभव सहायता देने की घोषणा की। समाजसेवी **नारायण अग्रवाल** ने कहा कि गंगा पार क्षेत्र से उनका पुराना नाता है और बाढ़ से बचाव का एकमात्र रास्ता तटबंध है।बैठक का संचालन **प्रशांत पाठक** ने किया। बैठक में अखिलेश तिवारी, पूर्व प्रधान योगेंद्र प्रसाद त्रिवेदी, प्रधान खुटिया अनूप प्रधान बदनपुर, राष्ट्रीय बजरंग दल जिला अध्यक्ष विष्णु मिश्रा, शिक्षक नेता श्यामेंद्र दुबे उर्फ नीरज, पूर्व प्रधान अवधेश सिंह सोमवंशी, सोनू सिंह हरिहरपुर, अनिल बाजपेई, अवनीश सोमवंशी, सत्येंद्र सोमवंशी, शीशपाल सिंह यादव, वीरेंद्र सिंह यादव, उमाशंकर मिश्रा, शिवकुमार चौहान, प्रदीप शुक्ला, उदित मिश्रा, नीरज दुबे, श्याम बाबू शुक्ला, बाबू सिंह, राजीव वर्मा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!