सुशासन दिवस पर फर्रुखाबाद में विचार गोष्ठी व पुरस्कार वितरण, अटल जी के विचारों को अपनाने का आह्वान

फर्रुखाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में उच्च शिक्षा विभाग के तत्वावधान में सुशासन सप्ताह के अंतर्गत भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी जी के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर सुशासन दिवस पर विचार गोष्ठी एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय सांसद श्री मुकेश राजपूत जी द्वारा अटल बिहारी बाजपेयी जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी ने सांसद महोदय को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए सांसद श्री मुकेश राजपूत एवं जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी ने अटल जी के जीवन, उनके विचारों तथा सुशासन की अवधारणा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी बाजपेयी जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और सुशासन को समर्पित रहा है। उनके आदर्श आज भी एक सशक्त और सुशासित भारत के निर्माण के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में आयोजित सुशासन दिवस के मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण भी उपस्थितजनों द्वारा देखा गया। साथ ही विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सुशासन एवं अटल जी के विचारों पर आधारित प्रभावशाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर भाषण, एकल काव्यपाठ एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन अटल जी के विचारों— सशक्त भारत, सुशासित भारत को आत्मसात करने के संकल्प के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!