भीषण सर्दी में बाढ़ पीड़ितों के लिए आगे आए समाजसेवी, कई गांवों में कंबल व गर्म शर्ट का वितरण

फर्रुखाबाद में भीषण सर्दी को देखते हुए आज दिनांक 16 जनवरी को समाजसेवी संस्था परमार्थ संस्थान एवं फर्रुखाबाद विकास मंच की ओर से कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कटरी गंगपुर, ढोली की मढैया, ठाठ की मढ़इया, पृथ्वीपुर, शिकारपुर, छोटी गुलरिया, बड़ी गुलरिया, कटरी धरमपुर सहित कई बाढ़ प्रभावित गांवों में किया गया। इस दौरान जरूरतमंदों को कंबल तथा पुरुषों को गर्म शर्ट वितरित की गई।

कार्यक्रम का नेतृत्व परमार्थ संस्थान के प्रमुख केशवभान साध एवं फर्रुखाबाद विकास मंच के जिला अध्यक्ष भईयन मिश्रा ने किया। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों आई भीषण गंगा बाढ़ से क्षेत्र के अनेक गांव लगभग पूरी तरह तबाह हो गए थे। लोगों के घर, खेत और खलिहान गंगा की बाढ़ में डूब गए, जिससे ग्रामीणों के सामने जीवन यापन की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।

कंबल वितरण के दौरान परमार्थ संस्थान के प्रमुख केशवभान साध ने कहा कि कड़ाके की ठंड में जरूरतमंद लोगों को सर्दी से बचाने के लिए कंबल एवं गर्म कपड़े उपलब्ध कराना हमारा नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि संस्था का प्रयास है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुंचे। साथ ही उन्होंने सरकार से भी अपील की कि बाढ़ पीड़ितों को हर संभव सरकारी सहायता प्रदान की जाए, क्योंकि ये लोग बेहद कठिन परिस्थितियों में जीवन गुजार रहे हैं।

वहीं फर्रुखाबाद विकास मंच एवं तटबंध बनाओ जन संघर्ष समिति के अध्यक्ष भईयन मिश्रा ने कहा कि मुसीबत के समय की गई सेवा ही सच्चे अर्थों में ईश्वर को प्रिय होती है। उन्होंने बताया कि पूरा क्षेत्र बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित है, जहां लोगों के घर, मकान और खेत गंगा की बाढ़ में कट गए हैं। ऐसे हालात में लोगों के सामने अपने अस्तित्व को बचाने की चुनौती खड़ी है। उन्होंने कहा कि जो भी सहायता संभव होगी, वह लगातार जारी रहेगी।

भईयन मिश्रा ने केशवभान साध की सराहना करते हुए कहा कि फर्रुखाबाद और यहां के लोगों के प्रति उनका प्रेम किसी से छिपा नहीं है। वे कहीं भी रहें, उनका दिल फर्रुखाबाद के लिए ही धड़कता है और यहां के लोगों के दुख-दर्द में वे हमेशा आगे आकर सहयोग करते हैं।

कंबल वितरण कार्यक्रम में प्रमुख रूप से डॉ पंकज राठौर, राजीव वर्मा, नरोत्तम सिंह प्रधान, धर्मवीर राजपूत, पूर्व प्रधान शेर सिंह यादव, पूर्व प्रधान मनोज यादव, संजय यादव, संजय साध, नरसिंह राजपूत, रामबरन शाक्य, सत्यनारायण शाक्य, आलोक मिश्रा भूरे, विपिन तिवारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!