हरदोई। जनपद के पाली थाना परिसर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पुलिस अभिरक्षा में मौजूद एक महिला को उसके पति ने गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना ने न केवल इलाके में सनसनी फैला दी, बल्कि पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार पाली थाना क्षेत्र निवासी अनूप की पत्नी सोनी 7 जनवरी को शाहजहांपुर निवासी अपने प्रेमी सुरजीत के साथ घर से चली गई थी। मामले में अनूप की तहरीर पर 8 जनवरी को पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। रविवार को पुलिस ने सोनी को बरामद कर पाली थाने ले आई और पुलिस अभिरक्षा में रखा गया।
सोमवार को पुलिस द्वारा पति अनूप को सूचना दी गई, जिसके बाद वह थाने पहुंचा। उस समय थाना परिसर में दोनों पक्षों के परिजन भी मौजूद थे। इसी दौरान पत्नी को देखकर अनूप आपा खो बैठा और अचानक तमंचे से सोनी पर गोली चला दी। वारदात थाना परिसर के अंदर होने से वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने गंभीर रूप से घायल सोनी को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा पाली थाना पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि थाना परिसर के अंदर हुई इस घटना को गंभीरता से लिया गया है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही सामने आने पर महिला आरक्षी संजना राजपूत और विवेचक विक्रम चौधरी को निलंबित कर दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। (वाहिद हुसैन की रिपोर्ट)
