आज तटबंध बनाओ जन संघर्ष समिति के अध्यक्ष भईयन मिश्रा के नेतृत्व में जनपद की सीमा से दूसरी जनपद सीमा तक गंगा नदी के दोनों किनारों पर तटबंध निर्माण तथा कटरी धर्मपुर, कटरी भीमपुर एवं उनके मजरों में गंगा द्वारा लगातार हो रहे कटान को रोकने की मांग को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर नगर मजिस्ट्रेट संजय बंसल को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि यदि शीघ्र तटबंध निर्माण का कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो 11 फरवरी से कढ़हर से एक विशाल पदयात्रा प्रारंभ की जाएगी, जो अटेना घाट तक जाएगी। समिति ने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग करते-करते काफी समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक जिला प्रशासन की ओर से कोई ठोस और सकारात्मक पहल नहीं की गई है।
इस मौके पर तटबंध बनाओ जन संघर्ष समिति के अध्यक्ष भईयन मिश्रा ने कहा कि पिछले कई महीनों से क्षेत्र की आम जनता लगातार तटबंध निर्माण की मांग कर रही है। पूर्व में कई बार धरना-प्रदर्शन के बावजूद आज तक निर्माण कार्य शुरू न होना यह दर्शाता है कि स्थानीय जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन पूरी तरह उदासीन बने हुए हैं। क्षेत्र की लाखों की आबादी हर वर्ष बाढ़ से प्रभावित होती है, लेकिन प्रशासन के पास इस समस्या को समझने और समाधान करने का समय नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि 11 फरवरी से शुरू होने वाली पदयात्रा में पूरा क्षेत्र साथ चलेगा और तटबंध बनवाकर ही दम लिया जाएगा।
राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष कोमल पांडे उर्फ अंगद ने कहा कि जहां लाखों लोग प्रभावित होते हों, वहां के जनप्रतिनिधियों का लापरवाह रवैया बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष धीरज पांडे ने पदयात्रा को पूर्ण समर्थन देते हुए कहा कि यह जनहित की लड़ाई है और इसमें हर प्रकार से संगठन साथ खड़ा रहेगा, किसी भी संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगे।
अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व नगर पालिका सदस्य श्याम सुंदर लाला ने कहा कि पूरे जिले में बाढ़ से हर व्यक्ति प्रभावित होता है, इसके बावजूद रोकथाम के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। हर साल बाढ़ तबाही मचाती है, लेकिन प्रशासन केवल मूकदर्शक बना रहता है।
ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से पंकज राठौर, शान अली, महेंद्र सिंह यादव (पूर्व जिला पंचायत सदस्य), अवनीश यादव, विष्णु मिश्रा (जिला अध्यक्ष, राष्ट्रीय बजरंग दल), आयुष सक्सेना एडवोकेट, प्रशांत मिश्रा एडवोकेट, धर्मवीर राजपूत (पूर्व प्रधान), शिवदेव सिंह एडवोकेट, आसिफ जमा खान एडवोकेट, आदिल खान, अतीक खान, शिवम वर्मा, राजीव वर्मा, चंद्रशेखर, मनीष यादव, राजीव सिंह, सुबोध सिंह, रामसेवक, शाहन अली, अवधेश सिंह, कदीलाल, ऋषिपाल, शाहिद सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
