फर्रुखाबाद। मोहम्मदाबाद कस्बे के वार्ड लोहिया नगर में रविवार देर रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां कथित रूप से शराब के नशे में एक पुत्र ने अपने 68 वर्षीय पिता की कुर्सी और ईंट से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लोहिया नगर निवासी रामदास (68) अपने दिवंगत पुत्र ललित कुमार के घर में अकेले सो रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान उनके पुत्र श्याम कुमार उर्फ रामू ने पहले उनकी चारपाई पलट दी, फिर उन्हें उठाकर जमीन पर पटक दिया और उसके बाद कुर्सी तथा ईंट से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से रामदास की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना आरोपी की पत्नी ममता देवी ने डायल-112 और कोतवाली पुलिस को दी। बताया गया कि परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। दिवंगत ललित कुमार के बड़े पुत्र सुमित अपनी पत्नी पिंकी की डिलीवरी के सिलसिले में फर्रुखाबाद गए हुए थे। इसी दौरान आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
परिजनों के अनुसार श्याम कुमार उर्फ रामू ने हाल ही में किस्तों पर एक बाइक खरीदी थी। बाइक की किश्तें चुकाने के लिए उसने अपनी बड़ी पुत्री काजल से जेवर गिरवी रखने की बात कही थी। मना करने पर काजल अपने ससुराल पक्ष के लोगों के साथ चली गई थी। आरोप है कि आरोपी अक्सर अपनी पत्नी ममता देवी तथा बच्चों सपना, दीपू और नीरज के साथ भी मारपीट करता था। उसके डर से बच्चे घर से बाहर निकल गए थे।

घटना की सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक, कार्यवाहक क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। उपनिरीक्षक कपिल कुमार कुशवाह ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि आरोपी अपने पिता पर जमीन बेचने का लगातार दबाव बना रहा था। इसी विवाद के चलते हत्या की घटना हुई प्रतीत होती है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। रिपोर्ट- शैलेन्द्र वर्मा
