मोहम्मदाबाद, 26 जुलाई। फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा कस्बा मोहम्मदाबाद के समीप संकिसा रोड पर खजुरी ईंट भट्ठे के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में हुआ।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइकों पर दो-दो लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के एक-एक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल एक युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मोहम्मदाबाद से डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। चौथे घायल का उपचार सीएचसी मोहम्मदाबाद में चल रहा है।जानकारी के अनुसार पंकज (30 वर्ष) पुत्र भगवान दास जाटव और अवधेश बाथम (40 वर्ष) पुत्र रतीराम, निवासी ग्राम कटइया, थाना मोहम्मदाबाद, बाइक से मोहम्मदाबाद से अपने गांव कटइया लौट रहे थे। दूसरी ओर हरभान सिंह यादव (50 वर्ष) पुत्र परमाल और उनका भतीजा अमन (18 वर्ष) पुत्र हरनाथ सिंह, निवासी नया नगला, थाना नवाबगंज, बाइक से मोहम्मदाबाद की ओर आ रहे थे। अमन बाइक चला रहा था।खजुरी ईंट भट्ठे के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में पंकज जाटव और हरभान सिंह यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अमन को सीएचसी से लोहिया अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। वहीं अवधेश बाथम का इलाज सीएचसी मोहम्मदाबाद में जारी है।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पंकज के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि उनके परिवार में एक दिव्यांग पुत्र है, जबकि उनकी पत्नी अनीता पति की मौत के बाद गहरे सदमे में हैं। पूरे क्षेत्र में इस दर्दनाक हादसे से शोक की लहर है। रिपोर्ट- शैलेन्द्र वर्मा
