फर्रुखाबाद।
जनपद के प्रसिद्ध रंगमंचीय संस्थान नक्श थिएटर के बैनर तले डायरेक्टर एवं अभिनेता अमित सक्सेना के निर्देशन में देशभक्ति पर आधारित फिल्म ‘बन्दे (द सीक्रेट कोड)’ की शूटिंग शुरू हो गई है। इस फिल्म में फर्रुखाबाद के कई प्रतिभाशाली स्थानीय कलाकार अपनी अभिनय क्षमता का प्रदर्शन करते नजर आएंगे। फिल्म का उद्देश्य देशभक्ति की भावना के साथ एक प्रेरणादायक कहानी को दर्शकों तक पहुंचाना है।
फिल्म का निर्देशन अमित सक्सेना कर रहे हैं, जो लंबे समय से रंगमंच और अभिनय के क्षेत्र में सक्रिय हैं। फिल्म की कहानी अभिनेत्री एवं स्टोरी राइटर शिवानी कटियार ने लिखी है। उन्होंने बताया कि फिल्म में रोमांच, भावनाओं और देश के प्रति समर्पण का संदेश देखने को मिलेगा।
फिल्म में सर्वेश श्रीवास्तव, दीक्षा सक्सेना, सोनू सिंह (CID इंस्पेक्टर), वसीम खान (CID इंस्पेक्टर), धीरज, सत्या, अंकित, अतुल, स्नेहा और कृष्णा सहित कई स्थानीय कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। सभी कलाकार पूरे उत्साह के साथ शूटिंग में भाग ले रहे हैं और अपने किरदारों को प्रभावशाली बनाने के लिए मेहनत कर रहे हैं।
निर्देशक अमित सक्सेना ने बताया कि इस फिल्म के माध्यम से फर्रुखाबाद की प्रतिभाओं को एक मजबूत मंच देने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि जिले में अभिनय और रंगमंच से जुड़े अनेक प्रतिभाशाली युवा हैं, जिन्हें उचित अवसर मिलने पर वे बड़े स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। अभिनय सीखने और अपने सपने पूरे करने के लिए नक़्श से जुड़ें
‘बन्दे (द सीक्रेट कोड)’ की शूटिंग शुरू होने से स्थानीय कलाकारों और कला प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। उम्मीद की जा रही है कि यह देशभक्ति फिल्म न केवल दर्शकों का मनोरंजन करेगी, बल्कि युवाओं में राष्ट्रप्रेम और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश भी पहुंचाएगी।
