फर्रुखाबाद, 4 अगस्त।जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, फर्रुखाबाद द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार एडिप (ADIP) योजना के अंतर्गत भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम लिमिटेड (एलिम्को), कानपुर के सहयोग से जनपद के पात्र दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए 17 अगस्त से 24 अगस्त 2026 तक विभिन्न विकासखंडों में चिन्हांकन एवं पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे।विभाग के अनुसार ऐसे दिव्यांगजन, जिन्होंने पिछले तीन वर्षों में किसी शासकीय योजना के तहत सहायक उपकरण प्राप्त नहीं किए हैं, वे इस योजना का लाभ उठा सकेंगे। शिविरों में ट्राइसाइकिल, मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, कृत्रिम अंग, कैलिपर्स, व्हीलचेयर, बैसाखी, वॉकिंग स्टिक, स्मार्ट केन, छड़ी, श्रवण यंत्र, एमएसआईडी किट, लीप्रोसी किट सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरणों के लिए पंजीकरण किया जाएगा।शिविर प्रतिदिन प्रातः 11:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक आयोजित होंगे। कार्यक्रम के अनुसार 17 अगस्त को बढ़पुर, 18 अगस्त को राजेपुर, 19 अगस्त को कमालगंज, 20 अगस्त को नवाबगंज, 21 अगस्त को शमसाबाद, 22 अगस्त को मोहम्मदाबाद तथा 24 अगस्त को कायमगंज विकासखंड परिसर में शिविर लगाए जाएंगे।योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए इच्छुक दिव्यांगजन अपने साथ आधार कार्ड, दिव्यांग प्रमाण पत्र (यूडीआईडी) तथा आय प्रमाण पत्र लेकर निर्धारित तिथि पर संबंधित विकासखंड परिसर में उपस्थित होकर पंजीकरण करा सकते हैं। विभाग के अनुसार मासिक आय 22,500 रुपये से कम वाले पात्र लाभार्थी इस योजना का लाभ लेने के लिए पात्र होंगे।योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए विभाग द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 8189038783 पर संपर्क किया जा सकता है।
रिपोर्ट: SPK NEWS 24, फर्रुखाबाद।
