
फर्रुखाबाद। जनपद में स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर व्यापारियों का विरोध तेज होता जा रहा है। बुधवार को महिला जिला उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने तीन सूत्री मांगों को लेकर अपर जिलाधिकारी (न्याय) को ज्ञापन सौंपा और प्रशासन को चेतावनी दी कि किसी भी व्यापारी या उपभोक्ता के यहां जबरन स्मार्ट मीटर न लगाए जाएं।महिला जिला उद्योग व्यापार मंडल की जिला अध्यक्ष सोनी शुक्ला के नेतृत्व में व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल कलेक्ट्रेट पहुंचा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने कहा कि वर्तमान में लगे पुराने बिजली मीटर सही ढंग से कार्य कर रहे हैं, ऐसे में बिना जरूरत के स्मार्ट मीटर लगाने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर की रीडिंग गति अत्यधिक तेज है, जिसके कारण बिजली बिल कई गुना बढ़कर आ रहा है। इससे व्यापारी वर्ग और आम जनता पर आर्थिक बोझ पड़ रहा है, जिसे वह वहन करने में सक्षम नहीं हैं।व्यापार मंडल ने मांग की कि स्मार्ट मीटर केवल उन्हीं उपभोक्ताओं के यहां लगाए जाएं, जो अपनी स्वेच्छा से इसे लगवाना चाहते हैं। जो उपभोक्ता या व्यापारी स्मार्ट मीटर नहीं लगवाना चाहते, उनके यहां जबरन मीटर न लगाया जाए। इसके साथ ही उन्होंने जनपद में कथित रूप से हो रही मनमानी कार्रवाई पर भी रोक लगाने की मांग की।जिला अध्यक्ष सोनी शुक्ला ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि प्रशासन द्वारा व्यापारियों की मांगों को नजरअंदाज कर जबरदस्ती स्मार्ट मीटर लगाए गए, तो महिला जिला उद्योग व्यापार मंडल आंदोलन करने को बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों का पहले से ही व्यापार मंदी और बढ़ती महंगाई से बुरा हाल है, ऐसे में बढ़े हुए बिजली बिल व्यापार को पूरी तरह चौपट कर सकते हैं।ज्ञापन सौंपने के दौरान व्यापार मंडल की पदाधिकारियों ने प्रशासन से संवाद के जरिए समस्या का समाधान निकालने की अपील की। वहीं एडीएम न्याय ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले पर उचित कार्रवाई और उच्च अधिकारियों तक मांगें पहुंचाने का आश्वासन दिया।फिलहाल स्मार्ट मीटर को लेकर व्यापारियों में रोष बना हुआ है और आने वाले दिनों में यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है।
