फर्रुखाबाद। (SPK न्यूज़ 24) फर्रुखाबाद जिले के विकास खण्ड राजेपुर के ग्राम नगला हुषा में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की अध्यक्षता में जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जन चौपाल के दौरान ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं तथा यातायात नियमों और साइबर अपराधों से बचाव के बारे में जागरूक किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई, जबकि कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री सहित खेती से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं व बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी तथा हेल्पलाइन नंबर 1076, 108, 102 और 1930 के उपयोग के बारे में बताया। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बीएलओ से प्राप्त S.I.R. से संबंधित जानकारी ग्रामीणों के समक्ष रखकर उसकी सत्यता की जांच की और समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। जन चौपाल के माध्यम से प्रशासन ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और उन्हें सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ दिलाया जाएगा।
