फर्रुखाबाद।(SPK NEWS24) राष्ट्रीय अल्पसंख्यक अधिकार दिवस के अवसर पर जनपद फर्रुखाबाद से अल्पसंख्यक समुदायों के कल्याण, शिक्षा, रोजगार और अधिकारों की सुरक्षा को लेकर आवाज उठी है। इस संबंध में उत्तर प्रदेश शासन के अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग के माननीय मंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर अल्पसंख्यक समुदायों के हित में ठोस कदम उठाने की मांग की गई है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि 18 दिसंबर को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय अल्पसंख्यक अधिकार दिवस के अवसर पर फर्रुखाबाद जनपद के अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए आगे और प्रभावी योजनाओं की आवश्यकता जताई है। ज्ञापन में संयुक्त राष्ट्र द्वारा 1992 में अपनाई गई घोषणा एवं भारतीय संविधान के अनुच्छेद 25 से 30 के तहत अल्पसंख्यकों को मिले अधिकारों को और अधिक मजबूत किए जाने की बात कही गई है।
मांगों में प्रमुख रूप से अल्पसंख्यक क्षेत्रों में शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, सरकारी योजनाओं का ग्रामीण स्तर तक प्रचार-प्रसार, अल्पसंख्यक महिलाओं और युवाओं के लिए विशेष रोजगार एवं उद्यमिता कार्यक्रम चलाने, अल्पसंख्यक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर समुदाय की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। इसके साथ ही छात्रवृत्ति वितरण प्रणाली को और अधिक पारदर्शी व सशक्त बनाने की मांग भी की गई है।
अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों का कहना है कि यदि इन सुझावों को लागू किया जाता है तो शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में अल्पसंख्यकों की स्थिति मजबूत होगी और समाज में समावेशी विकास को बढ़ावा मिलेगा।
