फर्रुखाबाद। (SPK 24) राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अवसर पर जनपद फतेहगढ़ में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी यातायात एवं यातायात पुलिस द्वारा व्यापक अभियान चलाया गया। इसी क्रम में आज दिनांक 04 जनवरी 2026 को जनपद के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।अभियान के दौरान दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों, ई-रिक्शा व ऑटो चालकों, बस एवं ट्रक चालकों के साथ-साथ आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन, सड़क सुरक्षा के महत्व तथा सुरक्षित व जिम्मेदार ड्राइविंग व्यवहार के प्रति जागरूक किया गया। यातायात पुलिस द्वारा बताया गया कि सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण यातायात नियमों की अनदेखी, जल्दबाजी, लापरवाही, ओवरस्पीडिंग तथा नशे की अवस्था में वाहन चलाना है।पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और अनमोल मानव जीवन की रक्षा संभव है। अभियान के अंतर्गत दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनने तथा बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट के प्रयोग के प्रति जागरूक किया गया।इसके अतिरिक्त नशे की हालत में वाहन न चलाने, तेज गति से वाहन न चलाने तथा मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी गई। गलत दिशा में वाहन चलाने, रेड लाइट जंप करने एवं यातायात संकेतों की अवहेलना से होने वाले दुष्परिणामों की भी जानकारी दी गई।अभियान के दौरान “No Helmet – No Fuel”, “Life is Precious – Drive with Care” और “Safety First – Life First” जैसे प्रभावी संदेशों के माध्यम से आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं भी नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
