फर्रुखाबाद। आज 6 जनवरी को फर्रुखाबाद विकास मंच के जिला अध्यक्ष भईयन मिश्रा के नेतृत्व में चाइनीज मांझा के विरोध में एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर मजिस्ट्रेट श्री संजय बंसल को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान मौके पर सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय भी उपस्थित रहीं।
ज्ञापन देते हुए भईयन मिश्रा ने कहा कि चाइनीज मांझा से आए दिन लोग कटकर गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं। कई मामलों में जान का खतरा तक पैदा हो चुका है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार आवाज उठाई गई और आंदोलन किए गए, लेकिन स्थिति में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसी सख्त कार्रवाई की जाए जिससे चाइनीज मांझा बेचने वालों में भय पैदा हो और वे इसकी बिक्री करने की हिम्मत न कर सकें।
इस अवसर पर सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय ने आश्वासन दिया कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कड़ी कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि चाइनीज मांझा की बिक्री करने वाले पूरे नेटवर्क को चिन्हित कर खत्म किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष कोमल पांडे ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के अंदर चाइनीज मांझा की बिक्री पर पूरी तरह रोक नहीं लगी तो चौक पर धरना दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक चाइनीज मांझा पूरी तरह बंद नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से निशित दुबे (पूर्व सभासद), आलोक मिश्रा भरे, ओम निवास पाठक, सनी बाथम, रईस नवाब, लकी शुक्ला, राजा मिश्रा, पंकज राठौर, सागर गुप्ता, शिवेंद्र बाजपेई, प्रशांत मिश्रा, शिवदेव सिंह, कार्तिकेय शुक्ला, आयुष सक्सेना, नीरज दुबे, अफरोज आलम खान, विनय दीक्षित सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
ज्ञापन देने के बाद भईयन मिश्रा ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर शीघ्र कठोर कार्रवाई करेगा। यदि ऐसा नहीं हुआ तो चाइनीज मांझा के खिलाफ युद्ध स्तर पर आंदोलन शुरू किया जाएगा।
