फर्रुखाबाद से पांच नए मार्गों पर दौड़ेंगी रोडवेज बसें, खाटू श्याम और बदायूं के यात्रियों को राहत

फर्रुखाबाद। राज्य सड़क परिवहन निगम जिले से यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए जल्द ही पांच नए मार्गों पर बस सेवा शुरू करने की तैयारी में है। गुरुगांव के बाद अब खाटू श्याम के लिए दो बसों के परमिट मांगे गए हैं। इसके साथ ही बदायूं, औरैया, कड़हर और हरपालपुर के लिए भी नई बस सेवाएं शुरू करने की योजना बनाई जा रही है। इन बसों के संचालन से जिले के दूरदराज क्षेत्रों के यात्रियों को खासा लाभ मिलेगा।

डिपो स्तर से खाटू श्याम के लिए दो बसों के परमिट मांगे गए हैं। जिले से बड़ी संख्या में श्रद्धालु खाटू श्याम बाबा के दर्शन के लिए जाते हैं, जिन्हें सीधी बस सेवा न होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसके अलावा बदायूं के लिए शाम साढ़े पांच बजे के बाद कोई बस उपलब्ध नहीं थी। ऐसे में अब शाम सात बजे एक बस बदायूं होकर दिल्ली के लिए रवाना की जाएगी।

अब तक राजेपुर तक तो रात सात बजे तक टेंपो की सुविधा मिल जाती थी, लेकिन अमृतपुर, जरियनपुर, मिर्जापुर, कलान, उसावां, म्याऊ, अलापुर और बदायूं के यात्रियों को बस न मिलने पर बस अड्डे पर ही रात गुजारनी पड़ती थी। नई व्यवस्था लागू होने से इन यात्रियों को राहत मिलेगी।

योजना के तहत एक बस रात में अमृतपुर में रोकी जाएगी। इसके बाद यह बस अमृतपुर से फर्रुखाबाद होकर औरैया के लिए रवाना होगी। वहीं, कई साल पहले बंद हो चुकी कड़हर की बस सेवा को दोबारा शुरू करने के लिए भी पत्राचार की तैयारी की जा रही है। इस बस को मैनपुरी से जोड़े जाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा एक बस फर्रुखाबाद, हरपालपुर और दिल्ली के बीच भी चलाई जाएगी।

एआरएम राजेश कुमार ने बताया कि खाटू श्याम के लिए परमिट मांगे गए हैं। बदायूं होकर दिल्ली जाने वाली बस को एक फरवरी से चलाने की तैयारी है। अन्य बस सेवाएं भी जल्द शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। कड़हर मार्ग पर बस संचालन से पहले सड़क की स्थिति का सर्वे कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!