फर्रुखाबाद। दिनांक 8 मार्च को स्वर्गधाम सेवा दल की एक महत्वपूर्ण बैठक स्वर्गधाम स्थित पार्क में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता आचार्य अमरीश जी महाराज ने की। बैठक में स्वर्गधाम की व्यवस्था, स्वच्छता और सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई और उन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया।बैठक को संबोधित करते हुए फर्रुखाबाद विकास मंच के जिला अध्यक्ष भईयन मिश्रा ने कहा कि सभी के सहयोग से स्वर्गधाम पर हो रही अराजकता, अवैध वसूली और गंदगी पर लगभग पूरी तरह रोक लगा दी गई है। स्वर्गधाम सेवा दल की टीम लगातार घाट को सुंदर और व्यवस्थित बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और बरसात के समय लोगों के बैठने की बड़ी समस्या सामने आती है, इसलिए आवश्यक है कि स्वर्गधाम पर एक बड़े हाल का निर्माण कराया जाए, जिसमें कम से कम 1000 लोग बैठ सकें। इस हाल का निर्माण जनसहयोग से कराया जाएगा।उन्होंने बताया कि पूर्व में जिला प्रशासन द्वारा इस हाल के निर्माण की बात कही गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्य नहीं कराया गया है। स्थानीय विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी द्वारा भी कई कार्य कराने की घोषणा की गई थी, लेकिन अभी तक कोई काम शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि स्वर्गधाम किसी एक व्यक्ति का नहीं बल्कि पूरे समाज का है, लेकिन जिले के जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण यहां विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं। यदि सांसद, विधायक और नगर पालिका अध्यक्ष चाहें तो स्वर्गधाम की पूरी सूरत बदली जा सकती है। अब जनता को स्वयं आगे आकर स्वर्गधाम के विकास के लिए काम करना होगा।बैठक में वरिष्ठ सदस्य सत्यपाल सिंह प्रगल्भ ने स्वर्गधाम पर रंगाई-पुताई कराने का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। निर्णय लिया गया कि जल्द ही स्वर्गधाम की दीवारों की रंगाई-पुताई कराकर उन पर गीता और अन्य धार्मिक उपदेश लिखवाए जाएंगे।अनिल द्विवेदी ने गर्मियों को ध्यान में रखते हुए घाट पर ठंडे पेयजल की व्यवस्था कराने का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से पारित करते हुए जनसहयोग के माध्यम से वाटर कूलर लगाए जाने का निर्णय लिया गया।राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष अंगद पांडे उर्फ कोमल ने कहा कि दाह संस्कार प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए गवाहों से घोषणा पत्र लेना आवश्यक है। साथ ही गवाहों के फोटो लेकर और सभी दस्तावेजों को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने की व्यवस्था घाट पर ही की जानी चाहिए, जिससे कोई भी गलत व्यक्ति प्रमाण पत्र न बनवा सके।बैठक में घाट की साफ-सफाई को लेकर भी चर्चा हुई। उत्तर दिशा की ओर से लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए स्वर्गधाम सेवा दल की टीम मौके पर पहुंची और वहां मौजूद कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी। कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि अंतिम संस्कार करने आने वाले किसी भी व्यक्ति से 250 रुपये से अधिक शुल्क न लिया जाए। यदि दोबारा शिकायत मिली तो घाट पर काम करने वालों को वहां से हटा दिया जाएगा। स्वर्गधाम सेवा दल ने स्पष्ट किया कि घाट पर किसी भी प्रकार की अराजकता और अवैध वसूली को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जल्द ही घाट की व्यवस्था सेवा दल के कार्यकर्ता अपने हाथों में लेकर पूरी तरह व्यवस्थित करेंगे।बैठक में प्रमुख रूप से दिनेश राजपूत, स्वामी उमेश आनंद भारती, श्यामेंद्र दुबे, नीरज, अनिल द्विवेदी, विष्णु मिश्रा, पंकज राठौर, कुलदीप कुमार, अजय कुमार, रवि सक्सेना, रामदास गुप्ता, सौरभ पांडे, बाबू भाई, राजीव वर्मा, ओमनिवास पाठक, आलोक मिश्रा, भरे, नीलू पाल, सूरत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
