
फर्रुखाबाद जिले के मोहम्मदाबाद कस्बे में डॉ भीमराव अंबेडकर की मूर्ति के पुनर्स्थापना को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। डॉ भीमराव अंबेडकर समाज उत्थान सेवा समिति के अध्यक्ष डॉ रामदास सागर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर खंड विकास अधिकारी मोहम्मदाबाद पर पुनर्स्थापना कार्य में अवरोध डालने का आरोप लगाया है।ज्ञापन में बताया गया कि ब्लॉक गेट के पास करीब 40-45 वर्ष पुरानी अंबेडकर प्रतिमा राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण की जद में आने के कारण स्थानांतरित की जानी है। समिति द्वारा लंबे समय से प्रशासन से प्रतिमा के पुनर्स्थापना की मांग की जा रही है। प्रस्ताव के अनुसार, ब्लॉक गेट के बाहर उत्तर दिशा में लगभग 6 से 7 फीट खाली पड़ी जमीन पर मूर्ति स्थापित करने की बात कही गई है।समिति का कहना है कि इस प्रस्ताव को तहसील सदर की जांच आख्या और नगर पंचायत मोहम्मदाबाद दोनों का समर्थन मिल चुका है। इसके बावजूद खंड विकास अधिकारी मोहम्मदाबाद द्वारा यह कहकर आपत्ति जताई जा रही है कि उक्त स्थान पर ब्लॉक का छोटा गेट बनाया जाएगा।समिति ने आरोप लगाया कि ब्लॉक के मुख्य गेट में पहले से ही छोटा गेट मौजूद है और दक्षिण दिशा में भी खाली स्थान उपलब्ध है, जहां नया गेट बनाया जा सकता है। इसके बावजूद केवल उत्तर दिशा की जमीन पर ही आपत्ति जताना संदेह पैदा करता है।समिति ने जिलाधिकारी से मांग की है कि खंड विकास अधिकारी की कथित अंबेडकर विरोधी मानसिकता पर रोक लगाते हुए तत्काल उत्तर दिशा में मूर्ति स्थापना की अनुमति दी जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे वैधानिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।इस दौरान नितिन कुमार (पूर्व जिला अध्यक्ष), बृजमोहन, लटूरी, सुमित, आशीष, रवि सिंह, आकाश कुमार, अभिनव गौतम, वीर सिंह और सौरभ गौतम सहित कई लोग मौजूद रहे।
