फर्रुखाबाद। जिले में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और ओवरलोडिंग पर रोक लगाने के उद्देश्य से बेवर रोड बघार, मेडिकल कॉलेज के सामने सघन अभियान चलाया गया। इस दौरान सीओ ट्रैफिक ऐश्वर्या उपाध्याय और एआरटीओ विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ओवरलोडिंग कर रहे कई ट्रकों को पकड़ लिया।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने ट्रकों की गहन जांच की, जिसमें कई वाहन निर्धारित मानकों से अधिक भार ढोते हुए पाए गए। नियमों का उल्लंघन करने वाले ट्रकों के खिलाफ तत्काल चालान की कार्रवाई की गई, वहीं कुछ वाहनों को सीज भी किया गया।
सीओ ट्रैफिक ऐश्वर्या उपाध्याय ने बताया कि ओवरलोडिंग न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
एआरटीओ विभाग के अधिकारियों ने वाहन चालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में ओवरलोडिंग करते पाए जाने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से ट्रक चालकों और परिवहन कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे सड़क पर होने वाली दुर्घटनाओं में कमी आएगी और यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।
