फर्रुखाबाद। जनपद के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र में चोरी की एक घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति के घर से जेवरात और नकदी चोरी हो जाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित ने इस संबंध में थाना मोहम्मदाबाद में शिकायत दर्ज कराते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।जानकारी के अनुसार, मोहम्मदाबाद के शास्त्री नगर निवासी संतोष पुत्र रामनाथ सक्सेना ने बताया कि दिनांक 10 अप्रैल 2026 को वह शाम करीब 4 बजे अपने घर पर काम करने के लिए बाहर गया था। जब वह वापस लौटा तो उसने देखा कि उसके बैठक में रखे जेवरात और नगदी गायब हैं। चोरी हुए सामान में दो जोड़ी चांदी की पायल, दो जोड़ी बिछिया, दो चांदी की जंजीर, सोने का मंगलसूत्र, एक जोड़ी झाले सोने के और लगभग 15 हजार रुपये नकद शामिल हैं।पीड़ित के अनुसार, काफी खोजबीन के बाद उसे अपने ही भाई सुनील और भतीजे पर शक है। साथ ही शिवम नाम के व्यक्ति द्वारा भी किसी स्थान पर चोरी की सूचना दिए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, घर में रखे उसकी माता के जेवरात सुरक्षित पाए गए हैं, जिन्हें चोरों ने नहीं छुआ।पीड़ित ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।
