11 अप्रैल से शुरू होंगी विश्वविद्यालय परीक्षाएं, केंद्रों पर पुलिस बल तैनाती के निर्देश

फर्रुखाबाद, 10 अप्रैल 2026।(SPK News24)
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) की सत्र 2025-26 की सम सेमेस्टर परीक्षाएं 11 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होने जा रही हैं। इस संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जिला प्रशासन को पत्र भेजकर परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के अंतर्गत स्नातक स्तर के द्वितीय, चतुर्थ एवं षष्ठम सेमेस्टर के साथ-साथ परास्नातक स्तर के द्वितीय व चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा पूर्व से संचालित सम सेमेस्टर पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं भी इसी अवधि में होंगी।

परीक्षाओं को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए फर्रुखाबाद जनपद में विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि सभी परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की जाए तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके और परीक्षाएं निर्बाध रूप से संपन्न हो सकें।

इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा संबंधित केंद्राध्यक्षों को भी सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा के दौरान भयमुक्त वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!