डाइट भोंगाँव में टीईटी अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर किया प्रदर्शन

भोंगाँव। सरकार द्वारा राष्ट्रव्यापी जनगणना 2027 कार्यक्रम घोषित किए जाने के बाद प्रत्येक ब्लॉक में प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारम्भ हो चुका है। इसी क्रम में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) भोंगाँव में चल रहे जनगणना प्रशिक्षण के दौरान उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर सुल्तानगंज ब्लॉक के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने टीईटी अनिवार्यता के विरोध में काली पट्टी बांधकर प्रशिक्षण में प्रतिभाग किया।

शिक्षकों ने सेवारत शिक्षकों पर टीईटी अनिवार्यता लागू किए जाने का विरोध जताते हुए इसे उनके वर्षों के सेवाकाल और मेहनत का उपहास बताया। ब्लॉक अध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि नियुक्ति के 20 वर्ष बाद शिक्षकों की योग्यता को एक परीक्षा के माध्यम से आंकना अन्यायपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शिक्षक टीईटी परीक्षा से घबरा नहीं रहे हैं, बल्कि सवाल यह है कि केवल शिक्षकों के साथ ही ऐसा सौतेला व्यवहार क्यों किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि यदि पुनः अर्हता परीक्षा आवश्यक है तो अन्य विभागों में भी इसी प्रकार की व्यवस्था लागू की जाए।

ब्लॉक मंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि शिक्षकों के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ संगठन पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ा है। उन्होंने बताया कि टीईटी अनिवार्यता के विरोध में डाइट भोंगाँव में चल रहे प्रशिक्षण के दौरान सभी शिक्षक काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण विरोध दर्ज करा रहे हैं।

उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने स्पष्ट किया कि जब तक केंद्र सरकार इस विषय पर कोई ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक विरोध प्रदर्शन लगातार जारी रहेगा।

इस विरोध प्रदर्शन में नवीन सक्सेना, महेंद्र शाक्य, शैलेन्द्र कुमार, अर्जेश मिश्रा, अनुराग कुमार, मनीष राजपूत, अर्पित यादव, कैलाश कुशवाह, फूल सिंह, कुलदीप राजपूत, विनीता पाल, सविता, गरिमा राठौर, रूचि सक्सेना, श्वेता पाठक, चित्रा कठेरिया, आरती, मीरा वर्मा, गीता भर्ती, स्वाति सिंह, जयकिशोर, राम श्याम, अरविंद, सुरेंद्र, महेंद्र, सर्वेश कुमार, पुष्पेंद्र चौहान, प्रवीन, मो. बशीम, दिनेश सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। (रिपोर्ट – सोनू राजपूत )

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!