जल लेकर जा रहे दो कांवड़ियों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

मोहम्मदाबाद। फर्रुखाबाद से गंगाजल लेकर मैनपुरी के मारकंड मंदिर जा रहे कांवड़ियों के जत्थे में शामिल दो लोगों की इटावा-बरेली हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा रविवार रात करीब 10:30 बजे खाटू श्याम मंदिर और हवाई पट्टी के बीच हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया।जानकारी के अनुसार, जनपद मैनपुरी के दन्नाहार थाना क्षेत्र के ग्राम जंगपुरा निवासी रामलड़ैते अपने करीब 25 से 30 साथियों के साथ रविवार दोपहर करीब 12 बजे जंगपुरा से फर्रुखाबाद गंगाजल लेने के लिए निकले थे। शाम करीब छह बजे फर्रुखाबाद से गंगाजल लेकर सभी कांवड़िए मैनपुरी स्थित मारकंड मंदिर के लिए रवाना हुए थे।इसी दौरान इटावा-बरेली हाईवे पर खाटू श्याम मंदिर और हवाई पट्टी के बीच एक अपाचे बाइक ने ऋषभ की बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार 16 वर्षीय ऋषभ और पीछे बैठीं उसकी मामी गिरजा देवी सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।मृतकों की पहचान गिरजा देवी, उम्र करीब 32 वर्ष, पत्नी रामलड़ैते निवासी जंगपुरा, थाना दन्नाहार, मैनपुरी तथा ऋषभ, उम्र करीब 16 वर्ष, पुत्र मायाप्रसाद के रूप में हुई है।डायल 112 से सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक अमोद कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया और मौके पर यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन भी लोहिया अस्पताल पहुंच गए।गिरजा देवी अपने पीछे 12 वर्षीय पुत्री मोहिनी, सात वर्षीय पुत्र रिशु और पांच वर्षीय पुत्र रितिक को छोड़ गई हैं। उनके पति रामलड़ैते खेती-किसानी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। हादसे में मां और किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस द्वारा हादसे के कारणों और अज्ञात वाहन की पहचान को लेकर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!