डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप: मासूम की मौत, फर्रुखाबाद के निजी अस्पताल में हुआ इलाज, पुलिस जांच जारी

फर्रुखाबाद- के बढ़पुर क्षेत्र स्थित एक निजी हॉस्पिटल में छह माह की बच्ची काव्या की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर पर गलत बोतल चढ़ाने का आरोप लगाया है। कासगंज के लौंगपुर निवासी आकाश ने अपनी बेटी काव्या को 26 अक्टूबर रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे अस्पताल में भर्ती कराया था। 28 अक्टूबर मंगलवार सुबह लगभग 4:00 बजे बच्ची की मौत हो गई।

मृतका के नाना भवरपाल ने आरोप लगाया कि मंगलवार सुबह करीब 4 बजे हॉस्पिटल के डॉक्टर ने काव्या को गलत बोतल चढ़ा दी, जिससे उसकी जान चली गई। परिजनों ने जब इसका विरोध किया तो अस्पताल कर्मचारियों ने उन्हें धक्का देकर बाहर निकाल दिया।

इसके बाद परिजनों ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को शांत कराया और मऊदरवाजा थाना पुलिस को बुलाया। मऊदरवाजा पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की और पीड़ित की तहरीर के आधार पर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना मऊदरवाजा प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में आगे की जांच और आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!