फर्रुखाबाद, 12 दिसंबर 2025।
जनपद फर्रुखाबाद के थाना कादरीगेट क्षेत्र में महिला और नाबालिग बेटी पर घर में घुसकर किए गए जानलेवा हमले का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित धर्मवीर पुत्र स्व. रामऔतार ने थाना कादरीगेट में लिखित तहरीर देकर कई लोगों पर संगठित होकर हमला करने, मारपीट, अभद्रता, लूटपाट और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, 12 दिसंबर की शाम करीब 4 बजे पड़ोस के अक्षय, संकेत, यश, हर्ष, नेहा, माधुरी, संध्या, राधेश्याम और रामलदैती सहित कई लोग एकजुट होकर जबरन उनके घर में घुस आए। आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से धर्मवीर की पत्नी निशा और 15 वर्षीय नाबालिग बेटी श्वेता पर हमला किया। दोनों के सिर पर गंभीर प्रहार किए गए, जिससे वे घायल होकर गिर पड़ीं।
धर्मवीर का आरोप है कि हमलावरों ने न सिर्फ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि पत्नी और बेटी के कपड़े भी फाड़ दिए तथा गंदी-गंदी गालियाँ दीं। इसके साथ ही जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने घटना के दौरान मोबाइल फोन, सोने की चैन और चांदी की पायल भी छीन ली। अचानक और हिंसक हमले से पूरा परिवार दहशत में है।
घटना के बाद पीड़ित ने थाना कादरीगेट पहुंचकर लिखित तहरीर दी और सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी और घायलों का लोहिया अस्पताल में मेडिकल परीक्षण भी कराया गया।
हालांकि, पीड़ित का आरोप है कि गंभीर आरोप और मेडिकल रिपोर्ट के बावजूद अब तक उनकी शिकायत पर कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है, जिससे उन्हें न्याय न मिलने की आशंका सता रही है। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधिकारियों से जल्द कार्रवाई कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
