भीषण ठंड और घने कोहरे के चलते फर्रुखाबाद में 19 व 20 दिसंबर को नर्सरी से कक्षा 12 तक सभी स्कूल बंद

फर्रुखाबाद।(SPK न्यूज़ 24) मौसम विभाग द्वारा जारी अत्यधिक ठंड, शीतलहर और घने कोहरे की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्रहित में बड़ा निर्णय लिया है। जिलाधिकारी फर्रुखाबाद की अनुमति के क्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने जनपद के समस्त विद्यालयों में दो दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है।

जारी कार्यालय आदेश के अनुसार जनपद फर्रुखाबाद में संचालित सभी परिषदीय विद्यालय, अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय एवं सभी प्रकार के मान्यता प्राप्त विद्यालय, जिनमें आईसीएसई बोर्ड, सीबीएसई बोर्ड के नर्सरी से कक्षा 12 तक के विद्यालय शामिल हैं, दिनांक 19 दिसंबर 2025 एवं 20 दिसंबर 2025 को बंद रहेंगे। यह निर्णय अत्यधिक ठंड, शीतलहर और घने कोहरे के कारण छात्र-छात्राओं के आवागमन में होने वाली परेशानियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

हालांकि, आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि विद्यालयों में कार्यरत समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी नियमित रूप से विद्यालयों में उपस्थित रहेंगे। उन्हें निर्वाचन कार्य (ईआर/आईआर), विभागीय कार्यों एवं उच्चाधिकारियों से प्राप्त निर्देशों का अनुपालन करना अनिवार्य होगा।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश की प्रतिलिपि महानिदेशक स्कूल शिक्षा उत्तर प्रदेश, शिक्षा निदेशक (बेसिक), मुख्य विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है।

साथ ही जिला सूचना अधिकारी फर्रुखाबाद को निर्देशित किया गया है कि इस आदेश का स्थानीय समाचार पत्रों में निःशुल्क प्रकाशन कराया जाए, ताकि अभिभावकों और आमजन को समय रहते जानकारी मिल सके। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों एवं प्रधानाध्यापकों को भी अपने-अपने क्षेत्र में आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन के इस फैसले से अभिभावकों ने राहत की सांस ली है, वहीं उम्मीद जताई जा रही है कि मौसम की स्थिति सामान्य होने पर विद्यालयों का संचालन पुनः सुचारु रूप से किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!