फ़र्रुख़ाबाद।किसानों को निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने सख़्ती और बढ़ा दी है। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि खाद की ओवर-रेटिंग या अन्य उत्पादों की टैगिंग करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सीधे जेल भेजा जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले को 1,10,594 बोरी यूरिया मिलने के बाद खाद की कोई कमी नहीं है। वे प्रतिदिन खाद की **आपूर्ति, वितरण और उपलब्धता की समीक्षा स्वयं कर रहे हैं। किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है।जिला कृषि अधिकारी बीके सिंह ने जानकारी दी कि इस माह जिले में यूरिया, डीएपी, पोटाश, एनपीके और सिंगल सुपर फॉस्फेट लक्ष्य से कहीं अधिक मात्रा में उपलब्ध है। किसानों को उनकी मांग और भूमि के अनुपात में उर्वरकों का वितरण किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि इफको यूरिया की रैक से 29,720 बोरी प्राप्त हुई हैं, जिन्हें सहकारी बिक्री केंद्रों पर भेजा जा रहा है। वहीं अगले तीन दिनों में गुजरात स्टेट फर्टिलाइजर कंपनी की 4,200 बोरी डीएपी और 19,140 बोरी एनपीके, कृभको की 29,400 बोरी यूरिया तथा मैट्रिक्स फर्टिलाइजर कंपनी की 51,445 बोरी यूरिया रैक से जिले में पहुंचेगी। इसके अतिरिक्त इंडोरामा कंपनी की यूरिया भी ट्रकों के माध्यम से पहुंच रही है।प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे खाद लेने जाते समय और आधार कार्ड अवश्य साथ लेकर जाएं, जिससे उन्हें भूमि के अनुसार खाद उपलब्ध कराई जा सके।जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि अब तक 7 खाद विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त, 22 निलंबित किए जा चुके हैं, जबकि एक दुकान सीज की गई है। शिकायत मिलने पर आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
