फर्रुखाबाद पुलिस को बड़ी सफलता, कैश लूट का मास्टरमाइंड कपिल गिरफ्तार, ₹1.84 लाख बरामद

फर्रुखाबाद में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रेडियंट कंपनी के कैश कलेक्शन कर्मचारी के साथ हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी को नगदी सहित गिरफ्तार कर लिया है।मामला 15 दिसंबर का है, जब रेडियंट कंपनी के कैश कलेक्शन कर्मचारी राजेश के साथ सातनपुर मंडी रोड पर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। बदमाशों ने राजेश के पैर में गोली मारकर करीब 7 लाख रुपये लूट लिए थे। घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।एसओजी टीम और थाना कादरीगेट पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लुटेरे कपिल निवासी मथुरा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूट की रकम में से 1 लाख 84 हजार रुपये बरामद किए हैं।पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी कपिल इफको में कर्मचारी था। रेडियंट कंपनी का कर्मचारी राजेश इफको कार्यालय में कैश कलेक्शन के लिए नियमित रूप से आता-जाता था। इसी दौरान कपिल ने अपने छोटे भाई निखिल और चचेरे भाई मनीष के साथ मिलकर लूट की साजिश रची। दोनों भाई अक्सर इफको कार्यालय में कपिल से मिलने आया करते थे, जिससे उन्हें पूरी जानकारी मिल गई। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि कपिल इस पूरी घटना का मास्टरमाइंड है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके दोनों भाई निखिल और मनीष फिलहाल फरार हैं। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने दोनों फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के खुलासे से पुलिस ने राहत की सांस ली है और क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर सख्ती और बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!