मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद)। (SPK न्यूज़ 24)
इटावा–बरेली हाईवे पर घने कोहरे ने एक और जान ले ली। संतोषपुर गांव के पास गुप्ता ईंट भट्टा के निकट बीती रात एक अज्ञात युवक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि घना कोहरा होने के कारण सड़क पर पड़े शव के ऊपर से कई वाहन निकल गए, जिससे शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। मृतक के पास से पुलिस को काली पैंट, आसमानी रंग का स्वेटर और काली बेल्ट बरामद हुई है, लेकिन पहचान से जुड़ा कोई दस्तावेज नहीं मिल सका।
26 दिसंबर की सुबह करीब 4 बजे मदनपुर निवासी कश्मीर के पुत्र बब्लू ने सड़क पर युवक का शव बेहद खराब हालत में पड़ा देखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल मदनपुर चौकी को सूचना दी। जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गिलिप्स पहनकर सड़क पर बिखरे शव के अवशेषों को एकत्र किया।
उप निरीक्षक बलवीर सिंह ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि मृतक की पहचान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पहचान सुनिश्चित करने के लिए डीएनए सैंपलिंग भी कराई जाएगी, ताकि युवक की शिनाख्त हो सके।
पुलिस आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगालने के साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।
