मोहम्मदाबाद के संकिसा रोड स्थित चौहान किराना स्टोर में बीती रात अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस हादसे में दुकान में रखा लगभग 50 लाख रुपये का किराना सामान और एक स्प्लेंडर बाइक जलकर पूरी तरह राख हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
यह घटना रात करीब 10:30 बजे की है। दुकान मालिक देव सिंह चौहान के पुत्र बबलू चौहान ने बताया कि सबसे पहले उन्हें जलने की गंध महसूस हुई, जिसके बाद नीचे दुकान में आग लगी होने का पता चला। आग तेजी से फैलने लगी और देखते ही देखते पूरी दुकान उसकी चपेट में आ गई।
दुकान के ऊपर बने आवास में रह रहा परिवार आग की भयावहता को देखकर घबरा गया। स्थिति बिगड़ती देख परिवार के सदस्यों ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए खिड़की से सीढ़ी लगाकर पड़ोसी राज कौशल की छत पर उतरकर अपनी जान बचाई।
आग की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और समर पंप की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया।
फायर ब्रिगेड की गाड़ियों और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और घटना की जांच की जा रही है।
