फर्रुखाबाद जिले के मोहम्मदाबाद क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी की हत्या कर उसके शव को बोरी में भरकर काली नदी में फेंक दिया गया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
यह मामला थाना नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम सिरौली का है। पीड़िता के पिता अजय कुमार पाल ने 30 मार्च को गांव के ही तीन आरोपियों—कुलदीप पुत्र वेदराम, रोहित पुत्र प्रदीप और एक नाबालिग—के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत के अनुसार, 28/29 मार्च की रात आरोपियों ने घर में दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर परिवार के सदस्यों को अचेत कर दिया और इसके बाद किशोरी को अगवा कर लिया। साथ ही घर में रखे जेवरात और लगभग 50 हजार रुपये नकद भी लेकर फरार हो गए।
जांच के दौरान पुलिस ने एक आरोपी की निशानदेही पर छिबरामऊ मार्ग स्थित काली नदी के किनारे, ग्राम कुम्हौली के अंत्येष्टि स्थल के पास, नदी से करीब 20 मीटर दूर बोरी में बंद किशोरी का शव बरामद किया। शव मिलने की खबर से पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार, क्षेत्राधिकारी कायमगंज राकेश द्विवेदी, थाना प्रभारी नवाबगंज राजीव कुमार तथा थाना प्रभारी मोहम्मदाबाद विनोद कुमार शुक्ला मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका की मां सुषमा देवी और पिता अजय कुमार पाल गहरे सदमे में हैं। बताया गया कि मृतका अपने परिवार में तीन बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि प्रारंभिक स्तर पर पुलिस ने उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया, हालांकि अब पुलिस सक्रिय होकर मामले की जांच में जुटी हुई है।
