मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम नगला चम्पत मार्ग पर बहादुर नगला अंडरपास से करीब 50 कदम की दूरी पर एक अज्ञात शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस सक्रिय हो गई। मौके पर एएसपी अरुण कुमार, डीएसपी अजय वर्मा और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ पहुंचे।जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 6 बजे शौच के लिए जा रहे दलवीर सिंह के पुत्र सुमित कुमार ने सड़क पर एक शव पड़ा देखा। शव को देखकर वह भयभीत हो गया और तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर कोतवाली पुलिस को जानकारी दी।पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष प्रतीत हो रही है। मृतक के दाहिने हाथ की कलाई पर “विक्रम” नाम का टैटू तथा बाएं हाथ पर “ओम” का टैटू गुदा हुआ है। मृतक ने फिरोजी रंग की जॉकी अंडरवियर, हल्की पिंक और काले रंग की छोटी चेक का स्वेटर, काले-सफेद लाइन वाली गर्म टी-शर्ट तथा सफेद-ग्रे लाइनिंग की शर्ट पहन रखी थी। इसके अलावा बदामी रंग की पैंट, ब्राउन रंग की बेल्ट और एक पैर में काला जूता (एयर 9) पहना हुआ था।मृतक की गर्दन पर रस्सी या तार से गला घोंटने जैसा काला निशान पाया गया है तथा मुंह से खून निकलने के भी निशान मिले हैं। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि घटनास्थल पर शव या किसी वाहन को घसीटकर लाने के निशान मिले हैं।एएसपी अरुण कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि शव को कहीं और हत्या कर यहां लाकर फेंका गया है। शव की शिनाख्त के लिए सभी थानों और प्रधानों के व्हाट्सएप ग्रुप में मृतक की फोटो भेजी गई है।चौकी प्रभारी यतेंद्र सिंह ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं डीएसपी अजय वर्मा ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को निर्देश दिए हैं कि कोहरा कम होने पर दोबारा घटनास्थल की गहन जांच कर अतिरिक्त साक्ष्य एकत्र किए जाएं।पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
