फर्रुखाबाद (संवाददाता):जिले के मोहम्मदाबाद ब्लॉक स्थित मौधा गांव के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। गांव में 1.41 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक उत्सव भवन के निर्माण को प्रशासनिक मंजूरी मिल गई है। इसके बनने से मौधा सहित आसपास के गांवों के लोगों को शादी-विवाह, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए अब उपयुक्त स्थान उपलब्ध हो सकेगा।इस संबंध में जानकारी भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने सोशल मीडिया पर एक समाचार पत्र की कटिंग साझा कर दी, जिसके बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है।राजेपुर राठौरी से मौधा तक पहुंचा प्रोजेक्टजिला प्रशासन द्वारा पहले गंगापार क्षेत्र के राजेपुर राठौरी में उत्सव भवन बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया था। वहां जमीन लगभग फाइनल भी हो गई थी, लेकिन जमीन नॉन-जेड श्रेणी की होने के कारण अंतिम समय में अड़चन आ गई और प्रस्ताव को निरस्त करना पड़ा। इसके बाद अमृतपुर क्षेत्र के पास भी जमीन देखी गई, लेकिन वहां भी सहमति नहीं बन सकी। अंततः प्रशासन की तलाश मोहम्मदाबाद ब्लॉक के मौधा गांव में पूरी हुई, जहां 3000 वर्ग मीटर भूमि उत्सव भवन के लिए चिन्हित की गई है।आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा उत्सव भवनउत्सव भवन का निर्माण आधुनिक गेस्ट हाउस की तर्ज पर किया जाएगा। कुल 3000 वर्ग मीटर भूमि में से 522 वर्ग मीटर क्षेत्र में भवन का निर्माण होगा, जबकि शेष भाग खुला रहेगा। भवन में एक बड़ा हॉल, स्टेज, मंडप और तीन कमरे बनाए जाएंगे।दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ग्राउंड फ्लोर पर अलग कक्ष और शौचालय की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय तथा हलवाइयों के लिए एक रसोईघर भी बनाया जाएगा।ग्राम पंचायत करेगी संचालनजिला पंचायत राज अधिकारी राजेश कुमार चौरसिया ने बताया कि उत्सव भवन की डीपीआर जल्द ही कंसल्टिंग एजेंसी और जिला पंचायत के इंजीनियर द्वारा तैयार की जाएगी। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद भवन का संचालन ग्राम पंचायत स्तर पर किया जाएगा। इससे मौधा गांव के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
