मोहम्मदाबाद में अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी, सिर पर चोट के निशान, जांच में जुटी पुलिस

मोहम्मदाबाद। थाना क्षेत्र में इटावा–बरेली हाईवे पर खाटू श्याम मंदिर के पीछे खटा डुबका मार्ग पर अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह करीब 10 बजे राहगीर रुपेश ने शव पड़ा देख डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल को घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, डीएसपी कायमगंज राजेश कुमार द्विवेदी तथा फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। फॉरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

मृतक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष बताई जा रही है। युवक का रंग गेहुआं है। उसने हरी हाफ जैकेट, नीले व लाल रंग का ट्रैक सूट अपर, लाल-काली प्रिंट शर्ट, काली-सफेद लाइन वाली टी-शर्ट, ब्राउन इनर, काली एडिडास लोवर, ब्राउन चड्डी बॉस तथा एक पैर में काली क्रॉस चप्पल पहन रखी थी। गले में लाल तसर, दाहिने हाथ में काला मोटा धागा व अंगूठी तथा बाएं हाथ में छल्ला पहना हुआ था। दोनों हाथों में सूजन थी और सिर पर गंभीर चोट के कारण घटनास्थल पर खून फैला हुआ मिला।

पुलिस को मृतक के पास से बब्बर शेर का पउआ मिला, जिसका क्यूआर कोड स्कैन करने पर यह निसाई शराब के ठेके से खरीदा गया पाया गया। इसके अलावा जेब से पांच और दस रुपये के सिक्के, एक 20 रुपये का नोट तथा पॉलीथिन में मूंगफली भी मिली, जिसे साक्ष्य के रूप में फॉरेंसिक टीम ने कब्जे में ले लिया।

एएसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात शव की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। शव के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। मृतक की पहचान के लिए फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

उप निरीक्षक आशू यादव ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। (शैलेंद्र वर्मा की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!