फर्रुखाबाद। नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से फर्रुखाबाद अग्निशमन कार्यालय परिसर में एक मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह मौजूद रहीं।शाम करीब 6 बजे सायरन बजते ही पूरे परिसर में ब्लैकआउट कर दिया गया। इसके दो मिनट बाद पुनः सायरन बजा और मॉकड्रिल की शुरुआत हुई। अभ्यास के दौरान फायर टेंडर की मदद से आग बुझाने का प्रदर्शन किया गया। वहीं मौके पर मौजूद घायलों का रेस्क्यू कर उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।मॉकड्रिल के तहत छत पर फंसे घायलों को रस्सियों की सहायता से सुरक्षित नीचे उतारा गया और उपचार के बाद उन्हें अस्पताल भेजा गया। इस दौरान प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन व चिकित्सा विभाग के बीच आपसी समन्वय भी देखा गया।इस मॉकड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपदा की स्थिति में प्रशासन की तत्परता का आकलन करना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा।कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार, नगर मजिस्ट्रेट संजय बंसल, क्षेत्राधिकारी सदर ऐश्वर्या उपाध्याय, क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद अजय वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी अवनिंद्र कुमार, आर.सी. माथुर सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
