फर्रुखाबाद। जनपद के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र अंतर्गत अर्रापहाड़पुर स्थित ‘कर्बला मौला अली नजफ’ में अज्ञात अराजक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ और आगजनी किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे दरगाह की देखभाल करने वाले साबिर अली जब मुख्य दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचे तो उन्होंने परिसर में आग जलती देखी। दरगाह के पीछे रखे ताजिया, अलम और मेहंदी जल रहे थे। आग इतनी तेज थी कि उसने छत की धन्नियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। साथ ही परिसर में बनी दो कब्रों को भी क्षतिग्रस्त किया गया था।
घटना की सूचना तत्काल शरीफ हुसैन रिजवी को दी गई, जिसके बाद पुलिस और दमकल विभाग को अवगत कराया गया। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी।
दरगाह प्रबंधन से जुड़े शरीफ हुसैन रिजवी ने बताया कि करीब पांच-छह महीने पूर्व भी यहां चोरी की बड़ी घटना हुई थी, जिसमें सीसीटीवी कैमरे, एलसीडी और चांदी के अलम चोरी कर लिए गए थे। उस मामले में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद ठोस कार्रवाई न होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़े हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आरती सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उनके साथ सीओ अमृतपुर संजय वर्मा, सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा, एसडीएम रजनीकांत पांडेय तथा फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि मजार में तोड़फोड़ और आगजनी की घटना अत्यंत गंभीर है। मामले की जांच के लिए तीन टीमें गठित कर दी गई हैं। दोषियों की पहचान कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है।
